Monday, November 16, 2026
English edition Join Group Now
Mati Samvad Mati ki baat, sabke saath

Chhattisgarh

महलोई स्कूल के उन्नयन से आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को भी मिलेगा लाभ

November 12, 2026 Source: MatiSamvad

Join Now
महलोई स्कूल के उन्नयन से आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को भी मिलेगा लाभ
महलोई स्कूल के उन्नयन से आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को भी मिलेगा लाभ
महलोई स्कूल के उन्नयन से आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को भी मिलेगा लाभ
रायपुर, 12 नवम्बर 2026/ रायगढ़ जिले के पुसौर विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महलोई को आधुनिक मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। सीएसआर मद से 5 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन विद्यालय भवन का आज वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने भूमिपूजन किया। इस पहल से ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि शिक्षा समाज और क्षेत्र के विकास की मजबूत नींव है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है। महलोई विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी शहरों के विद्यार्थियों की तरह आधुनिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि सफलता के लिए सबसे पहले अपना लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है। हर विद्यार्थी अपनी रूचि, क्षमता और प्रतिभा को पहचानकर भविष्य की दिशा तय करे। शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि ज्ञान के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यावहारिक कौशल विकसित करना भी है। वित्त मंत्री ने कहा कि आज विद्यार्थियों के सामने कैरियर के अनेक विकल्प हैं। वे अपनी रुचि के अनुसार शिक्षा, तकनीक, चिकित्सा, इंजीनियरिंग और प्रशासनिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ सकते हैं। इसके लिए समय का सदुपयोग, नियमित अध्ययन और निरंतर मेहनत जरूरी है। असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ें और अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करें। उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षणिक अनुभवों और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में भी जाना। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और देश के भविष्य के निर्माता हैं। *आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा विद्यालय भवन* सीएसआर मद से बनने वाले नए विद्यालय भवन में विभिन्न विषयों की आधुनिक प्रयोगशालाएं, कंप्यूटर कक्ष और स्मार्ट क्लासरूम सहित विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ तकनीक आधारित अध्ययन का अवसर मिलेगा। विज्ञान, तकनीक और व्यावहारिक शिक्षा के क्षेत्र में उनकी समझ विकसित करने के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा। *आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को भी मिलेगा लाभ* विद्यालय के उन्नयन से महलोई सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। आधुनिक भवन और बेहतर शैक्षणिक संसाधनों से पढ़ाई का वातावरण मजबूत होगा। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, नए कौशल सीखने और प्रतियोगिताओं की तैयारी करने के अधिक अवसर मिलेंगे। मॉडल स्कूल ग्रामीण अंचल में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान, जिला पंचायत सदस्य श्री ब्रजेश गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मानी मोहित सतपथी, एनटीपीसी के कार्यकारी निदेशक श्री सुभाष सिंह ठाकुर एवं श्री जाकिर हुसैन, सहित जनप्रतिनिधि विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।